इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के हरिनाथपुर गांव में बुखार पांव पसार रहा है। इसी गांव का एक अधेड़ दिमागी बुखार की चपेट में आ गया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव के आठ अन्य लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मच्छरों पर रोकथाम न करने के कारण स्थिति बिगड़ रही है।
ग्राम हरिनाथपुर निवासी रामस्वरूप (45) को बीते कई दिनों से बुखार आ रहा था। गुरुवार के परिवार के सदस्यों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जांच में रामस्वरूप में दिमागी बुखार की पुष्टि हुई।
चिकित्सकों का कहना है कि इलाज चल रहा है, बहुत जल्द ही सेहत में सुधार होगा। रामस्वरूप के पुत्र संजय ने बताया कि गांव में आठ अन्य लोग बुखार की चपेट में हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर न तो फॉगिंग कराई गई है और न ही कीटनाशक का छिड़काव किया गया है।