सकरन (सीतापुर)। बदमाशों ने कम्भरिया गांव के पास तमंचा सटाकर एक व्यक्ति से 17 हजार रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एक बदमाश को पहचान लेने का दावा करते हुए दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सकरन थाना क्षेत्र के महरिया गांव निवासी परशुराम सोमवार को किसी काम से थाना क्षेत्र के नकैला गांव गया था। वहां से वह देर शाम करीब सात बजे बाइक से वापस अपने गांव जा रहा था। जब वह सकरन इलाके के कम्भरिया गांव के करीब पहुंचा, तभी असलहों से लैस दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे रोक लिया।
बदमाशों ने परशुराम के तमंचा सटाकर 17 हजार लूट लिए। जब पीड़ित ने शोर मचाया तो बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित ने एक बदमाश को पहचान लेने का दावा किया है। उसने दो बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि लूट की घटना फर्जी है। चुनावी रंजिश के चलते आरोप लगाया गया है।