कुंवरगड्डी (सीतापुर)। अटरिया के हिंद अस्पताल गेट पर शुक्रवार को हुए हादसे में जख्मी हुई बालिका ने भी शनिवार को दम तोड़ दिया। इस हादसे में बालिका के माता-पिता समेत चार लोगों की पहले ही मौत हो चुकी है।
हरदोई के टड़ियावां थाना फुकहा गांव निवासी श्यामू गुप्ता (40) बृहस्पतिवार शाम अपनी पत्नी ममता (36) पुत्री पावनी (7) के साथ हिंद मेडिकल कॉलेज आए थे। यहां पिसावां निवासी उनकी सास संतोष गुप्ता भर्ती हैं।
शुक्रवार सुबह दंपती अपनी पुत्री को लेकर घर जाने के लिए बाहर निकले। वह अस्पताल गेट के सामने बस रुकवा रहे थे। इसी बीच हरिद्वार से बिहार जा रही निजी एंबुलेंस का टायर अचानक से फट गया।
एंबुलेंस की चपेट में आकर दंपती समेत उसके चालक गुरमीत (23) व एंबुलेंस में सवार घायल देहरादून निवासी निवासी विशाल पांडेय (28) की मौत हो गई थी। शनिवार को इलाज के दौरान पावनी ने भी दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष उमाकांत शुक्ला ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है।