सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने शुक्रवार को तहसील सदर के ग्राम खजुरिया स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय व राजकीय इंटर कॉलेज में बन रहे इंडोर मिनी स्टेडियम परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के जिम्मेदारों को निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा कराने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि समस्त निर्माण कार्य गुणवत्तापरक, मानक अनुरूप व समयबद्ध रूप से पूरा कराया जाए, इस दौरान कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का कोई समझौता न किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों व उपलब्ध अन्य संसाधनों को भी देखा। (संवाद)