लहरपुर। अतिक्रमण के खिलाफ संचालित मुहिम के तहत सोमवार को ग्राम गोकुलपुर व करसैवरा में पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने खलिहान व खेल मैदान की जमीन को कब्जामुक्त कराया। इस दौरान कराए गए पक्के निर्माण को ढहाने के लिए बुलडोजर चलवाना पड़ा। कार्रवाई के दौरान कब्जेदारों की तरफ से विरोध प्रदर्शन का प्रयास भी किया गया, जिसे मौजूद पुलिस फोर्स ने विफल कर दिया।
तहसीलदार ने बताया कि गोकुलपुर की गाटा संख्या 405 खलिहान के रूप में दर्ज है। इसके अंश भाग पर महेंद्र, शिव बालक व दोस्त मोहम्मद द्वारा पक्की दुकानें बनाकर व्यवसायिक कार्य किया जा रहा था। वहीं राजस्व अभिलेखों में सार्वजनिक प्रयोजन के लिए दर्ज गाटा संख्या 465 के अंश भाग पर रफीक अहमद द्वारा पालेसर लगाकर तथा रमजान द्वारा पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया था।
इन कब्जेदारों को सरकारी स्वामित्व में दर्ज जमीन से कब्जा हटाने के लिए पूर्व में कई बार नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बाद भी सरकारी जमीन को कब्जामुक्त न किए जाने पर सोमवार को राजस्व टीम ने बुलडोजर से अवैध निर्माण कार्य को ढहाने की कार्रवाई की। कब्जा मुक्त कराई गई खलिहान की जमीन की बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।
इसी तरह क्षेत्र के ग्राम करस्यौरा की गाटा संख्या 637 खेल मैदान के बतौर दर्ज है। इस जमीन पर कुतुबुद्दीन द्वारा पक्का मकान बनाकर कब्जा कर लिया गया था। नोटिस के बाद भी कब्जा नहीं हटाने पर सोमवार को पुलिस के साथ की गई संयुक्त कार्रवाई में अवैध निर्माण कार्य को तोड़ कर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।
अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन की कीमत 10 लाख रुपये है। अतिक्रमण ढहाने वाली टीम में राजस्व निरीक्षक गोपाल शुक्ला, लेखपाल पवन यादव, उपेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, रामगोपाल गुप्ता व पुलिस बल शामिल रहा।