सीतापुर। बारिश ने जिले के लोगों को रुक-रुककर सोमवार देर रात से मंगलवार दोपहर तक भिगोया। बारिश के कारण तपन से लोगों को राहत मिली। पारा भी लुढ़ककर 28 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि शहरी क्षेत्र में बारिश से हुए जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरे खिले दिखे।
सोमवार से हो रही बारिश मंगलवार को भी दिनभर रुक रुककर जारी रही। लगातार हो रही बारिश के कारण तपिश से लोगों को राहत मिली। वहीं शहर के आदर्श नगर, रामकृष्णपुरी, आजाद नगर, खूबपुर, श्रीनगर कॉलोनी, विकास नगर कॉलोनी आदि लगभग सभी मोहल्लों में जलभराव से लोग परेशान दिखे। गंदे पानी के भरे होने से लोगों को रास्ते पर चलना भी दूभर है। बारिश की वजह से खेतों में इतना पानी ठहर गया है कि किसान धान की रोपाई आसानी से कर सकें। जिन किसानों के खेतों में गन्ने की फसल खड़ी है, वे किसान बेहद प्रसन्न हैं। दिनभर बादल छाए रहने व बारिश से मंगलवार को पारा लुढ़ककर 28 डिग्री पर पहुंच गया। जबकि सोमवार को तापमान 30 डिग्री था।
गांजरी क्षेत्र में मुसीबत
मारूबेहड़। इस क्षेत्र में बारिश मुसीबत बनकर सामने आ रही है। घाघरा नदी की कटान की वजह से लोग घर छोड़कर सड़कों पर खुले आसमान नीचे ठहरने को मजबूर हैं, ऐसे में आसमान से गिर रहीं बारिश की बूंदे इन लोगों के लिए मुसीबत से कम नहीं हैं।