मिश्रिख। अलीनगर मजरा इस्लामनगर में बृहस्पतिवार को दबंगों ने एक परिवार के सदस्यों को पीट दिया। पिटाई में एक किशोरी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जिसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
गांव निवासी फैजान के अनुसार शाम के समय अपने कार्य से इस्लाम नगर जा रहे थे। नहर के पास गांव के कुछ लोगों ने उन्हें रोककर पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पीड़ित के परिवार की उजाला और तबस्सुम मौके पर पहुंचीं। दबंगों ने उनको भी पीट दिया। आरोप है कि एक आरोपी ने तमंचे की बट से उजाला के सिर पर वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उजाला को सीएचसी मिश्रिख से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पिटाई में फैजान और तबस्सुम भी घायल हैं। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
युवक पर कुल्हाड़ी से हमला
मिश्रिख। रौसिंगपुर गांव निवासी ब्रह्मदत्त तिवारी गांव में चल रहे खड़ंजा निर्माण कार्य को देख रहे थे। इसी दौरान गांव के ही रामेंद्र कुमार, अनुराग मिश्रा, आदर्श मिश्रा, पंकज और सुनील कुमार वहां पहुंच गए। सभी ने बिना किसी बात के ब्रह्मदत्त को पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान ने बीचबचाव कर दबंगों को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने ब्रह्मदत्त के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।