रेउसा (सीतापुर)। थाना थानगांव इलाके में बिना परमिट प्रतिबंधित पेड़ काटने की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम और पुलिस के साथ ठेकेदार और लकड़कट्टों ने अभद्रता करते हुए घेराव किया। इसकी सूचना पर पहुंची फोर्स को देखकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस मौके से लकड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने आई। मामले में ठेकेदार समेत तीन नामजद और दस अज्ञात पर वन अधिनियम, सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
थानगांव इलाके के ईंटगांव में एक व्यक्ति ने अपने पेड़ लकड़ी ठेकेदार को बेचे थे। इसके बाद बिना परमिट लकड़ी ठेकेदार पेड़ों को कटवा रहा था। इस बीच सूचना वन विभाग को मिली। बिसवां रेंजर सीके पांडेय ने वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा। वन विभाग की टीम के दरोगा छत्रपति, सियाराम के साथ थानगांव थाने के दरोगा प्रदीप पांडेय और अन्य पुलिस कर्मी गए थे।
मौके पर पुलिस और वन विभाग की टीम के पहुंचने पर लकड़ी कटवा रहा ठेकेदार और काम कर रहे लकड़कट्टों ने मौके से लकड़ी ले जाने का विरोध किया। बात बढ़ने पर उन लोगों ने घेराव करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। मामले को देखते हुए और पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। इसके बाद ठेकेदार और लकड़कट्टे मौके से फरार हो गए।
पुलिस लकड़ी समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर थाने पहुंची। मामले में दरोगा प्रदीप पांडेय ने तहरीर दी है। एसओ थानगांव करुणेश सिंह ने बताया कि मामले में बरुही गांव निवासी ठेकेदार अंसार, पेड़ स्वामी लालता प्रसाद, आसिफ को नामजद और 10 अन्य अज्ञात पर वन अधिनियम और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बिसवा रेंजर सीके पांडेय ने बताया कि थानगांव इलाके से पेड़ काटने की सूचना मिली थी। इस पर टीम मौके पर भेजी गई थी। उसके साथ अभद्रता की गई है।