नवंबर में चीनी मिलों की चिमनियां धुआं उगलने लगेंगी। सभी मिलों के प्रबंधतंत्र ने नए पेराई सत्र के लिए मिल चलाने की संभावित तारीख दे दी हैं। सबसे पहले 4 नवंबर को बिसवां चीनी मिल चलेगी। जबकि महमूदाबाद चीनी मिल सबसे बाद में 15 नवंबर को चालू होगी।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अमृत त्रिपाठी द्वारा गन्ना महकमे के विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान चीनी मिलों की ओर से यह तारीखें दी गईं हैं। डीएम ने विभागीय कार्यों की समीक्षा में जरूरी निर्देश दिए। डीसीओ डॉ. दुष्यंत कुमार ने बताया कि पेराई सत्र 2016-17 के लिए चीनी मिलें शुरू होने के संबंध में डीएम ने जानकारी मांगी।
इस पर मिलों के प्रतिनिधियों ने संभावित तारीखें उपलब्ध कराई हैं। डीसीओ ने बताया प्राप्त तारीखों के मुताबिक सबसे पहले 4 नवंबर को बिसवां चीनी मिल चालू होगी। हरगांव शुगर मिल 7 नवंबर को जबकि जवाहरपुर व रामगढ़ चीनी मिल 12 नवंबर तथा महमूदाबाद चीनी मिल 15 नवंबर को चालू होगी। उन्होंने बताया कि पर्ची जारी करने से लेकर गन्ना तौल व अन्य सारे कामकाज पारदर्शिता के साथ निपटाए जाएंगे।