सीतापुर। जिले के 1487 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी पर नौनिहालों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। प्रत्येक केंद्र पर पांच हजार की स्टेशनरी खरीदी जाएगी। इसके लिए 74.35 लाख का बजट आवंटित किया गया है। बीएसए ने बीईओ को जल्द ही खरीद सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए है।
नई शिक्षा नीति में प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक में प्रवेश से पहले तीन से छह साल तक के बच्चों को को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर पढ़ाया जाएगा। यहां पर उनको अक्षर पहचानना सहित अन्य जानकारियां दी जाएंगी। जिले में 1457 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी बने हुए हैं।
यहां पर नौनिहालों को अब स्टेशनरी का भी लाभ मिलेगा। नौनिहालों को घर से कुछ भी सामान लाने की जरूरत नहीं पड़ेंगी। एक केंद्र पर प्रत्येक माह एक हजार की स्टेशनरी खरीदी जा सकेगी। पहले चरण में पांच माह के लिए प्रत्येक केंद्र को पांच हजार रुपये का बजट दिया गया है। इस सामग्री की खरीद बेसिक शिक्षा विभाग व बाल विकास पुष्टाहार विभाग मिलकर करेगा।