सीतापुर। पहली अगस्त से परिवहन विभाग में वाहन स्वामियों के लिए लागू होने वाली स्मार्ट कार्ड आरसी की व्यवस्था फिलहाल टल गई है। तकनीकी दिक्कत के चलते इस व्यवस्था को लागू नहीं किया जा सकेगा।
दरअसल नए वाहनों के पंजीकरण के बाद उनके स्वामियों को आरसी के स्थान पर स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराए जाने थे। पहली अगस्त से इस व्यवस्था की शुरुआत होनी थी। कार्ड में एक चिप के साथ ही क्यूआर कोड लगना था, जिसमें वाहन और उसके स्वामी से जुड़ी जानकारी होगी। क्यूआर कोड स्कैन करके जिम्मेदार वाहन का विवरण तुरंत प्राप्त कर लेते। इससे फर्जी तरीके से आरसी बनाने वाले लोगों पर भी रोक लगती।
स्मार्ट आरसी, कागजी आरसी से ज्यादा मजबूत और लंबे समय तक चलने वाली साबित होंगी।
एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि आवेदन होने के बाद शासन से कार्ड बनकर आएगा। जैसे ड्राइविंग लाइसेंस बनकर आता है। शासन से जानकारी करने पर पता चला है कि फिलहाल 10 से 15 दिन इस व्यवस्था को लागू होने में लगेंगे।