नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग के नाम पर दर्ज है कार
- फोटो : amar ujala
सीतापुर जिले के कमलापुर कस्बे से जयरामपुर जाने वाले मार्ग पर चदेहरा बाजार से पहले दो दिनों से लावारिस खड़ी ब्रेजा कार मिलने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कमलापुर थाने में खड़ा कराया। कार के नंबर और उसमें मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि वाहन के नंबर और कागजात की जांच करने पर कार लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के आर्थोपेडिक विभाग में नर्सिंग अधीक्षक के पद पर कार्यरत पवन गर्ग के नाम दर्ज मिली है। परिजनों के अनुसार पवन गर्ग बीते रविवार से घर नहीं लौटे हैं। उनका मोबाइल फोन भी संपर्क में नहीं आ रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि कार रविवार रात करीब 11:30 बजे इटौंजा टोल से गुजरी थी। इसके बाद जयरामपुर मार्ग पर जंगल के पास कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर पवन गर्ग के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी छानबीन कर रही है। मामले में परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है।