सीतापुर। यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक के डेलीगेट व अध्यक्ष पद के लिए सम्पन्न हुए चुनाव में भाजपा ने जिले की सभी नौ शाखाओं पर अपना परचम फहराया है। किसी अन्य के नामांकन नहीं होने से सभी शाखा पर भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। इनके निर्वाचन की घोषणा महज औपचारिकता है।
भाजपा जिला कार्यालय पर शुक्रवार को इन सभी निर्विरोध निर्वाचित प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने सभी को माला पहनाकार मिठाई खिलाते हुए बधाई दी। सहकारिता प्रकोष्ठ जिला संयोजक नीरज वर्मा की देखरेख में भाजपा ने यह उपलब्धि हासिल की। जिला महामंत्री विश्राम राठौर ने जीत को बेहतर टीम प्रबंधन का परिणाम बताया।
जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने कहा मोदी व योगी सरकार द्वारा गांव, गरीब व किसानों के कल्याण की अनेक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का सभी को निर्वहन करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत कर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
सीतापुर से गोविंद भारती, बिसवां से कृपा शंकर वर्मा, महमूदाबाद से सुरेश कुमार वर्मा, मिश्रिख से अंजनी शुक्ला, सिधौली से राकेश कुमार, महोली से कल्याण सिंह, लहरपुर से विजय प्रकाश वर्मा, तंबौर से विजय कुमार सिंह, रामपुर मथुरा से अतीश कुमार वर्मा का एकल नामांकन से निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। इन सबके निर्विरोध निर्वाचित होने पर पिछड़ावर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राजेश वर्मा, सांसद कौशल किशोर, रेखा वर्मा, अशोक रावत, विधायक ज्ञान तिवारी, महेंद्र यादव, सुनील वर्मा, शशांक त्रिवेदी, रामकृष्ण भार्गव, सुरेश राही, पूर्व मंत्री रामहेत भारती, पूर्व विधायक भरत त्रिपाठी, राकेश सिंह, संजय मिश्र आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।