जहांगीराबाद/सदरपुर। थाना क्षेत्र में गुरूवार की देर रात गोवंश की हत्या कर दी गई। सुबह होने पर इसकी सूचना मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पाकर सीओ समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और लोगों को शांत कराया। इसके बाद गोवंश के अवशेषों को जमीन में गड़वा दिया है।
सदरपुर थाना क्षेत्र के महादेवा मजरा पूंजीखेरा गांव निवासी अजय कुमार वर्मा की गाय घर के बाहर बंधी थी। उसे अज्ञात चोर गुरुवार की रात खोल ले गए थे। सुबह जानकारी होने पर अजय व गांव के कई लोग गाय की खोज में लग गए, लेकिन गाय का कहीं पता नहीं चल सका। अजय के चाचा दिनेश कुमार वर्मा को गांव से कुछ दूरी पर देवरियाखुर्द गांव के पास भरत लाल के गन्ने के खेत में कुछ गोवंश के अवशेष पड़े मिले। दिनेश देवरियाखुर्द निवासी भरतलाल उपाध्याय के खेत में खाद डाल रहा था। सूचना पाकर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, गोरक्षक श्रीकांत मौर्य समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।
मामले की सूचना पाकर सीओ महमूदाबाद रविशंकर प्रसाद, एसओ थानगांव संजीव कुशवाहा, एसओ सदरपुर उमाकांत दीपक, सकरन पुलिस मौके पर पहुंची। गोवंश के अवशेषों को पुलिस ने जमीन में गड़वा दिया है। लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। एसओ सदरपुर उमाकांत दीपक ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। घटना के बाद फैले तनाव को लेकर फिलहाल पुलिस तैनात कर दी है।