लखनऊ से सीतापुर की ओर जा रहा पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर मंगलवार को कमलापुर में गोन नदी के पास हाईवे पर बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बाइक सवार नैपालापुर निवासी ईशान और अशुमान घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा। टैंकर पलटते ही हाईवे पर अफरातफरी मच गई। ज्वलनशील पदार्थ से भरे टैंकर को देखकर लोग दहशत में आ गए। हादसे के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम लग गया।
सूचना मिलते ही कमलापुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहनों को नियंत्रित किया, जबकि दमकलकर्मियों ने संभावित आग और अन्य खतरे को देखते हुए सुरक्षा मोर्चा संभाला। टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल भरा होने के कारण विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, टैंकर महोली स्थित नायरा पेट्रोल पंप जा रहा था। उसमें करीब तीन हजार लीटर डीजल और नौ हजार लीटर पेट्रोल भरा हुआ था। करीब 12 हजार लीटर ज्वलनशील पदार्थ से भरे टैंकर के पलटने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल टैंकर को हटाने और हाईवे पर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की जा रही है।