खैराबाद। क्षेत्र के पुरानी बाजार में जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। अमर उजाला में 15 मई के अंक में पुरानी बाजार में जाम से लोग परेशान शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया गया था। मामला उजागर होने पर शेखसरांय चौकी में तैनात बीट सिपाही ने ही पीड़ित दुकानदारों को ही बुलाकर उनकी क्लास लगा दी।
आरोप है कि दुकानदारों से चौकी में तैनात आरक्षी ने दुकान के सामने बाइक खड़ी मिलने पर 10 हजार का जुर्माना लगाने की बात कही। सिपाही के इस धमकी से पुरानी बाजार बिसवां मार्ग के दुकानदार सहम गए हैं। नाम न छापने की शर्त पर दुकानदारों ने बताया कि एक तो वैसे ही जाम का दंश झेल रहे हैं।
ऊपर से पुलिस की फटकार के बाद भय का माहौल है। बताया कि लगभग 10 वर्षों से पुरानी बाजार बिसवां मार्ग पर स्थित दुकानदारों को प्रतिदिन जाम का दंश झेलना पड़ रहा है। इससे उनकी दुकानदारी पर खासा असर दिख रहा है। दिनभर जाम लगने से ग्राहक पुरानी बाजार के दुकानदारों को छोड़कर नयी बाजार चले जाते है।
बताया कि बृहस्पतिवार को दो सिपाहियों ने सभी दुकानदारों को चौकी पर बुलाकर पूछा कि यह खबर किसने बताई है। आरोप है कि इस दौरान दुकानदारों को हड़काया गया। दुकानदारों को बैठने के लिए कुर्सी तक नहीं दी गई। पुलिस के व्यवहार से दुकानदार आहत हैं। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि दुकानदारों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। किसी को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। जाम की समस्या का भी समाधान निकाला जाएगा।