सीतापुर। आरएमपी इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट शिवाकांत मिश्रा और इशिका यादव ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर विद्यालय के साथ जिले का मान बढ़ाया है। सिक्किम स्थित इंडियन हिमालयन सेंटर फॉर एडवेंचर एंड इको-टूरिज्म (आईएचसीएई) में आयोजित 28 दिवसीय एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स पूरा कर दोनों कैडेट बृहस्पतिवार को सीतापुर पहुंचे। आरएमपी इंटर कॉलेज में दोनों विद्यार्थियों का स्वागत कर सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान शिवाकांत और इशिका ने पर्वतारोहण की तकनीकों, पर्वतीय अभियानों की योजना, सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और तकनीकी चढ़ाई का उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने माइनस आठ से नौ डिग्री सेल्सियस तापमान वाले ग्लेशियर क्षेत्र में सात दिनों तक शिविर में रहकर कठिन परिस्थितियों का सामना किया। इस दौरान दोनों ने लगभग 5,850 मीटर यानी करीब 19,193 फीट ऊंचे माउंट ब्रूमखांग्से शिखर पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। इसके अलावा, केंद्र में आयोजित पांच किलोमीटर की राष्ट्रीय स्तर की क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन किया।
शिवाकांत मिश्रा ने पुरुष वर्ग और इशिका यादव ने महिला वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और एनसीसी इकाई में उत्साह का माहौल है। स्वागत समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार, एनसीसी के एएनओ लेफ्टिनेंट मनु शर्मा, शिक्षिका अमिता भार्गव व विद्यार्थी मौजूद रहे।