एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ ने शिक्षामित्रों को समझा कर शांत किया और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही बिसवां विधायक रामपाल यादव ने भी शिक्षामित्रों को मामला सीएम तक पहुंचा कर उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया है। बीएसए कार्यालय में भी शिक्षामित्रों ने तालाबंद कर प्रदर्शन किया।
सकरन इलाके के सुमिरावां गांव निवासी शिक्षामित्र अनुराग (30) पुत्र रामलखन ने रविवार की दोपहर बाद अपने घर के कमरे में फांसी लगा कर जान गवां दी थी। जिसके बाद खबर पाकर पुलिस भी पहुंची थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। साथी के मौत की खबर मिलते ही सोमवार की सुबह शिक्षामित्र एकत्र हो गए।
पोस्टमार्टम के बाद शिक्षामित्रों ने मृतक साथी का शव वाहन लाकर लालबाग पर अपनी मांगों को लेकर जाम लगा दिया। शिक्षामित्र प्रतिनिधि धर्मेंद्र पाण्डेय के मुताबिक मृतक शिक्षामित्र अनुराग समायोजन न होने से परेशान था। आरोप है कि बीएसए ने भी उसकी मदद से इंकार कर दिया था। जिससे आहत होकर उसने फांसी लगा ली।
बताया कि मृतक शिक्षामित्र के परिवारीजन को मुआवजा व बीएसए के खिलाफ जांच की मांग की जा रही थी। जाम लगने की खबर मिलते ही एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, इंस्पेक्टर लालबाग पहुंचे। इन लोगों शिक्षामित्रों को समझाया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा शिक्षामित्रों ने बीएसए कार्यालय पर जाकर भी प्रदर्शन किया।
यहां कार्यालय में इन लोगों ने तालाबंदी भी की। वहां पहुंचे बिसवां विधायक रामपाल यादव से भी इन शिक्षामित्रों ने अपनी मांगें रखीं। जिसके चलते विधायक ने मामले को सीएम तक पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। सीओ सिटी राहुल मिठास ने लोगों को समझा कर बीएसए कार्यालय का ताला खोलवाया।