विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के लिए शुरू हुए नामांकन के दूसरे दिन बुधवार को मंत्री समेत सात प्रत्याशियों ने परचा भरा। नामांकन दाखिल करने वालों में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री व महमूदाबाद सीट से सपा उम्मीदवार नरेंद्र सिंह वर्मा भी शामिल रहे।
बुधवार सुबह विधानसभा क्षेत्रवार रिटर्निंग अफसर एवं सहायक रिटर्निंग अफसर अपने-अपने न्यायालय कक्षों में बैठ गए थे। दोपहर को कैबिनेट मंत्री व महमूदाबाद सीट से प्रत्याशी नरेंद्र वर्मा ने अपने प्रस्तावकों के साथ परचा भरा। इसके बाद सदर विधायक राधेश्याम जायसवाल ने भी नामांकन किया।
कुछ देर बाद में सेवता सीट से सोशलिस्ट पार्टी की प्रत्याशी शुचिता कुमार ने प्रस्तावकों के साथ नामांकन किया। सिधौली विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी व विधायक मनीष रावत ने रिटर्निंग अफसर के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
जबकि बिसवां सीट से बसपा प्रत्याशी निर्मल वर्मा ने प्रस्तावकों के साथ परचा भरा। हरगांव से भाजपा उम्मीदवार सुरेश राही भी नामांकन दाखिल करने पहुंचे। महोली क्षेत्र से रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी खुशीराम बोस ने अपने प्रस्तावकों के साथ पहुंचकर परचा दाखिल किया।