मंगलवार को जहां प्राइवेट स्कूलों में तैयारियां शुरू हो गईं। वहीं सरकारी स्कूलों में सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में भी रौनक दिखाई दी। नौनिहाल अपने अभिभावकों के साथ कॉपी, किताब की दुकानों पर स्टेशनरी खरीदते नजर आए।
मालूम हो कि शैक्षिक सत्र 2015-16 की शुरूआत अप्रैल माह से हो गई थी। नौनिहालों की अगली कक्षाओं में एडमिशन प्रक्रिया अप्रैल में पूरी हो गई थी। उसके बाद सत्र चलता रहा। 20 मई के बाद स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित हो गया था। लगभग डेढ़ माह तक स्कूल बंद रहे।
इस दौरान नौनिहालों ने जमकर छुट्टियों का लुत्फ उठाया। बुधवार को फिर से स्कूलों के ताले खुल जाएंगे। शिक्षण सत्र प्रारंभ हो जाएगा। इसको लेकर मंगलवार से तैयारियां शुरू हो गई थी। प्राइवेट स्कूलों में जहां साफ-सफाई व अन्य तैयारियां होती रहीं, वहीं सरकारी स्कूलों में सन्नाटा पसरा रहा। इन स्कूलों में बुधवार को ही रौनक दिखाई देगी।