सीतापुर। सिटी सर्किल में शनिवार के दिन ताबड़तोड़ हुई फायरिंग की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जहां रामकोट इलाके में शिक्षण संस्थान के एक असिस्टेंट रजिस्ट्रार को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। वहीं शहर कोतवाली इलाके में आपसी रंजिश के बाद तीन बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घटनाओं से जिले की पुलिस बैकफुट पर दिखी।
थाना रामकोट इलाके में देर शाम दो बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक से जा रहे असिस्टेंट रजिस्ट्रार पर फायर झोंक दी। थाना पिसावां इलाके के गांव टेनी निवासी अजय यादव (35) एक शिक्षण संस्थान में असिस्टेंट रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। देर शाम वह संस्थान से घर जा रहे थे। रामकोट इलाके में ही पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने अजय को पीछे से गोली मारी दी। जोकि उसके कंधे पर जा लगी।
गोली लगने के बाद अजय मौके पर ही गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे उसके परिवार के किसी परिवार के सदस्य का होने के साथ प्रेम प्रसंग होना सामने आ रहा है। घटना की जांच की जा रही है।
शहर कोतवाली इलाके के मोहल्ला लोनियनपुरवा निवासी सोनू सिंह (25) ने बताया कि देर शाम वह अपने घर पर था आरोप है कि इतने में ही अंश लाला, हरिओम और शुभम अवस्थी आए और उस पर कहासुनी के बाद फायरिंग शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि बाइक चलाते समय अंशलाला ने फायर की, जिससे वह बच गया। इसी के साथ हरिओम और शुभम अवस्थी ने भी फायरिंग की।
शुभम की फायर सोनू को लगी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुुंचा। सीओ सिटी पियूष कुमार ने बताया कि रामकोट इलाके में हुई घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। अभी तक स्थिति साफ नहीं हुई है। मामले की जांचकर केस दर्ज किया जा रहा है। शहर कोतवाली की घटना में दोनों का आपसी विवाद सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। दोनों घायलों का इलाज जारी है।