सकरन (सीतापुर)। गेहूं बीनने खेत गई एक छात्रा से बृहस्पतिवार शाम युवक ने दुष्कर्म किया। होश में आने के बाद देर रात पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने टीमें गठित कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है।
एक गांव निवासी 10 वर्षीय बालिका कक्षा पांच की छात्रा है। बृहस्पतिवार को वह स्कूल से आने के बाद शाम करीब पांच बजे गांव के बाहर खेत में गेहूं की बाली बीनने गई थी। तभी वहां बाइक से पहुंचे गांव कुटीपुरवा निवासी सुग्रीव ने छात्रा को अकेला देख उसके साथ दुष्कर्म किया।
छात्रा बेहोश हो गई। आरोपी बेहोशी की हालत में उसे छोड़कर भाग गया। होश में आने पर किसी तरह पीड़िता लहूलुहान हालत में अपने घर पहुंची और परिजनों से पूरी बात बताई। तब परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे।
जानकारी पाते ही एएसपी उत्तरी आलोक सिंह, सीओ बिसवां सतीश चंद्र शुक्ल तथा मानपुर, रेउसा, बिसवां थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों को रवाना कर दिया गया। पुलिस ने देर रात आरोपी सुग्रीव को गिरफ्तार कर लिया। सीओ बिसवां सतीश शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पीड़िता का इलाज कराया गया है। आरोपी को भी जेल भेज दिया गया है।