खैराबाद। जिले में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह से ही रुक-रुककर दोपहर तक बारिश होती रही। बारिश ने किसानों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। फसलें तैयार होने की कगार पर हैं।
किसान याकूब, खुर्शीद, कल्लू ,पप्पू,रामखेलावन व अन्य ने बताया कि यदि इसी तरह से बारिश होती रही तो गेहूं सरसों, मसूर, चना व अन्य फसलें खराब हो जाएंगी। जो फसलें खेत में कटी पड़ी हैं, वह भीग गई हैं। ऐसे में दाना खराब होने का डर है। यदि ऐसे ही बारिश हुई तो बड़ा नुकसान होग। बागवान मुनीर अहमद, संतोष व अन्य ने बताया कि इस समय आम के पेड़ों पर छोटे-छोटे फल आ चुके हैं। बारिश से इसे नुकसान हुआ। अगर ऐसा रहा तो आम की फसल ही नष्ट हो जाएगी।
मछरेहटा में बरसात व तेज हवाओं से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ। इसमें मुख्य रूप से सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा। गेहूं, मसूर, मटर आदि फसलों को भी नुकसान पहुंचा I इसी तरह सकरन में तेज हवा व बारिश में गेहूं की फसल गिर जाने के कारण किसानों का नुकसान हुआ है।