सकरन(सीतापुर)। सकरन ब्लॉक में किवानी नदी पर बने बांस के पुल का मंगलवार को पीडब्ल्यूडी की टीम ने सर्वे किया। बता दें कि करीब तीस वर्ष पूर्व ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा कर आवागमन के लिए बांस का पुल बनाया था। इसी पुल से आज भी ग्राम पंचायत कम्भरिया कटेसर व उसके मजरों के ग्रामीण, छात्र छात्राएं व अन्य लोग गुजरते हैं। बता दें कि अगर सड़क मार्ग से ग्रामीणों को ब्लाॅक मुख्यालय, अस्पताल या स्कूल कॉलेज जाना हो तो करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। इस पुल से राह आसान हुई। हालांकि जोखिम बढ़ गया। मजबूरी में ग्रामीण 30 साल से इस पुल का उपयोग कर रहे हैं।
इस पुल से निकलने पर सार्वजनिक महत्व के स्थानों की दूरी मात्र दो से तीन किलोमीटर ही रह जाती है। बांस के पुल से गुजरने में जोखिम पर अमर उजाला ने चार अगस्त के अंक में खबर प्रकाशित की थी। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने इसका संज्ञान लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाने के निर्देश दिए। मंगलवार को जेई व एक्सईन ने पुल का सर्वे किया। इससे ग्रामीणों में पुल बनने की उम्मीद जग गई है। अवर अभियंता विमल कुशवाहा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुल का सर्वे कर रिपोर्ट विभाग को भेज दी गई है। अग्रिम आदेशानुसार कार्रवाई की जाएगी।