सीतापुर। विद्युत उपभोक्ता संघ ने नियम विरुद्ध बिजली दरों में हुई वृद्धि के खिलाफ मोर्चा खोला है। शुक्रवार को संघ के अध्यक्ष आशीष मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पावर कार्पोरेशन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष को संबोधित मांगपत्र अपर जिलाधिकारी विनय पाठक को सौंपा।
संघ के अध्यक्ष आशीष मिश्रा ने कहा कि पावर कार्पोरेशन ने बिलिंग सॉफ्टवेयर में बदलाव कर पहली जनवरी 2020 से निर्गत बिजली के बिलों में औसतन 66 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की है।
राज्य नियामक आयोग की संस्तुति के बाद ही विद्युत दरों में बढ़ोतरी या बदलाव किया जा सकता है जबकि इसके ठीक विपरीत पावर कार्पोरेशन ने गुपचुप तरीके से बिना नियामक आयोग की अनुमति लिए सभी तरह की दरों में अप्रत्याशित वृद्धि कर उपभोक्ताओं के हितों के साथ कुठाराघात किया है।
वहीं विधिक त्रुटि भी कारित की जबकि पावर कार्पोरेशन के प्रस्ताव पर अभी अगस्त में ही नियामक आयोग ने 8 से 12 प्रतिशत तक घरेलू व कॉमर्शियल की दरों में वृद्धि की थी, उसके तुरंत चार माह बाद फिर से वृद्धि उचित प्रतीत नहीं होती है। इस मौके पर अभिषेक त्रिपाठी, सुधीर शर्मा, प्रवीण शुक्ल, अमित श्रीवास्तव, संजय दीक्षित, अशोक वर्मा, आदित्य गुप्ता व पुनीत गुप्ता आदि मौजूद रहे।