बेहटा। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बिसवां खुर्द में वर्ष 1989 से संचालित भारतीय स्टेट बैंक की ग्रामीण शाखा को तंबौर कस्बे में स्थानांतरित किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। बैंक और एटीएम के स्थानांतरण के विरोध में हजारों खाताधारकों ने आवाज बुलंद की है। ग्रामीणों ने मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन अनशन और धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी भी दी है।
खाताधारकों के अनुसार इस शाखा से बिसवां खुर्द, चंदीभानपुर, अकबरपुर, मुगलापुर, पकरियापुरवा, लखीमपुर, देवढेडीह, रायमड़ोर, भनवापुर, दुबाई, महंगेपुरवा, देवपालपुर, सपहा, खानामड़ोर, छतागुर, बसंतापुर, रजनापुर, तंबौर देहात और औरीशाहपुर समेत करीब तीन दर्जन गांवों के खाताधारक जुड़े हैं। बिसवां खुर्द स्थित बैंक शाखा से करीब तीन दर्जन गांवों के लगभग 15 हजार लोगों के खाते संचालित हैं।
नाराज लोगों का कहना है कि बैंक स्थानांतरित होने से किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। ग्रामीणों ने बैंक प्रशासन से जनहित को देखते हुए शाखा को बिसवां खुर्द में ही संचालित रखने की मांग की है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुपम वर्मा की अगुवाई में ग्रामीणों ने बैंक के उच्चाधिकारियों से स्थानांतरण का निर्णय वापस लेने की मांग की है।