नैमिषारण्य में डीएम, एसपी व विधायक ने किया निर्माणाधीन थाने का निरीक्षण करते।
- फोटो : SITAPUR
मिश्रिख/नैमिषारण्य। 84 कोसी परिक्रमा मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मिश्रिख तहसील सभागार में बैठक की। इसमें साधु संतों ने मेले को लेकर अपनी राय रखी। उसके बाद जिलाधिकारी ने नैमिषारण्य में निर्माणाधीन कार्यों को देखा।
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज व पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने साधु संतों के साथ बैठक कर 84 कोसीय परिक्रमा मेले को लेकर बातचीत की। इस दौरान विधायक रामकृष्ण भार्गव भी मौजूद रहे। साधु संतों ने अपनी-अपनी राय रखी। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी की मांगों को ध्यान में रखते हुए तैयारियां शुरू की जाएंगी। इसके बाद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने नैमिषारण्य के निर्माणाधीन बालिका कन्या महाविद्यालय, पुलिस थाने का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को शीघ्र ही दोनों भवनों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने का निर्देश दिया। राजकीय बालिका महाविद्यालय निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए महाविद्यालय के लिए आवंटित राशि के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा न होने की बात कही। इस मौके पर मिश्रिख एसडीएम गिरीश झा, सीओ एनपी सिंह समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।