महमूदाबाद (सीतापुर)। सीएचसी में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने पर लखनऊ के क्वीन मेरी हाॅस्पिटल रेफर किया गया। वहां प्रसूता को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
थानगांव के वैन सोहलिया की रेनू देवी (23) को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार सुबह सीएचसी में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह महिला चिकित्सक डाॅ. विभा सिंह ने सिजेरियन प्रसव कराया। बताया जाता है कि रात आठ बजे तक जच्चा-बच्चा स्वस्थ थे, लेकिन इसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। बुधवार सुबह चिकित्सकों ने महिला को लखनऊ मेडिकल काॅलेज के क्वीन मेरी हाॅस्पिटल रेफर किया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतका के जेठ शिवा सिंह ने महिला अस्पताल स्टाफ पर छह हजार रुपये लेने व इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डाॅ. आशीष सिंह ने बताया कि प्रसूता का बेहतर इलाज किया गया, स्थिति अनियंत्रित होने पर उसे मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई है। परिजनों के आरोपों की जांच कराई जाएगी।