एंबुलेंस से गर्भवती को लेकर जाते लोग।
सीतापुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को 11 केंद्रों पर हुई। पहली पाली में एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ गई।
स्कूल प्रशासन ने महिला को अस्पताल में भर्ती करवाकर इलाज करवाया। पहली पाली में 2,517 व दूसरी पाली में 2,519 ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में सुबह 9.30 बजे से परीक्षा शुरू हुई। आधा घंटा पहले अभ्यर्थियों को स्कूल के अंदर प्रवेश देना शुरू हो गया था। गेट के बाहर सघन तलाशी ली गई। अभ्यर्थियों के हाथ के कलावा काटे गए। छात्राओं की झुमकी निकलवा दी गई।
बायोमीट्रिक के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। जीआईसी सीतापुर में महिला अभ्यर्थी अंजू गुप्ता पेपर देने आई थीं। पहली पाली में 11:20 पर इनकी तबीयत खराब हो गई। आननफानन नायब तहसीलदार महेंद्र तिवारी ने एंबुलेंस बुलाकर ज्योति को जिला महिला अस्पताल भेजवाया। कुछ देर तक इलाज के बाद परिजनों ने लखनऊ से इलाज होने की बात कहकर वहां से डिस्चार्ज करा लिया।
ज्योति दोबारा स्कूल आकर अपना सामान लेकर चली गईं। परिजनों ने आरोप लगाया कि गेट से परीक्षा कक्ष तक ज्योति पैदल ही गईं। इसी वजह से तबीयत खराब हो गई।
ज्योति इस समय महिला अपराध जोन की गोपनीय शाखा लखनऊ में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। पहली पाली में 4,590 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें 2,073 ने परीक्षा दी। 2,517 गैरहाजिर रहे। इसी तरह दूसरी पाली में 4,590 में 2,071 ने परीक्षा दी। 2,519 अनुपस्थित रहे। डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा निपट गई।