पेंशन योजनाओं के सत्यापन की प्रगति खराब है, जो कार्य 15 जून तक पूरा होना था, वह जुलाई माह बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। सर्वाधिक खराब स्थिति सदर तहसील की है।
इस लापरवाह कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ एस के सिंह ने कड़ा पत्र तहसीलों को जारी कर पांच अगस्त तक शत-प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा करने के निर्देश अफसरों को दिए हैं।
मालूम हो कि पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों का वार्षिक सत्यापन होता है। यह कार्य जून माह में पूरा कर लाभार्थियों के खातों में पेंशन भेजने का कार्य शुरू करना होता है। जिले में वृद्घा के 61855, निराश्रित के 62320 व विकलांग के 13069 लाभार्थी हैं।
इन तीनों पेंशन योजनाओं के संचालन की जिम्मेदारी समाज कल्याण, प्रोबेशन व विकलांग विभागों की है। इन योजनाओं के लाभार्थियों का वार्षिक सत्यापन होता है। जिसको लेकर तीनों विभागों के अफसरों द्घारा तहसीलों को सत्यापन को लेकर सूचियां भेजी गई थी।
दो मई को भेजी गई सूचियों का सत्यापन कार्य 15 जून तक पूरा करके आख्या भेजने की बात कही गई थी, लेकिन जुलाई बीतने के बाद भी सत्यापन के धीमा होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई है।