सीतापुर। राघवेंद्र वाजपेयी हत्याकांड में शनिवार को पुलिस की ओर से दो संदिग्धों का फोटो वायरल कर इनाम की घोषणा की गई है। सीसीटीवी में कैद हुई इस फोटो में दो संदिग्ध एक बाइक पर सवार होकर जाते हुए दिखाई दे रहे है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
बीती आठ मार्च को राघवेंद्र की हत्या के बाद अब तक पुलिस अभी तक घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। हत्याकांड का खुलासा करने में पुलिस की 12 टीमें जुटी हैं। इसमें क्राइम ब्रांच व स्वाट सर्विलांस भी शामिल है। लेकिन धाकड़ पुलिस अफसरों वाली इस टीम को भी अब संदिग्धों की धरपकड़ के लिए फोटो वायरल कर आम जनमानस का सहारा लेना पड़ रहा है। इस मामले में पुलिस अब तक करीब सौ से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है। इसके बाद भी पुलिस शूटरों तक पहुंचने को लेकर खाली हाथ है।
पैर में पहनी है चप्पल, गले में गमछा
वायरल फोटो में दो युवक एक स्पेंलडर बाइक पर जाते दिख रहे हैं। बाइक में दाहिनी तरफ ही साइड़ मिरर लगा हुआ है। बाइक को चलाने वाले युवक ने काले रंग के कपड़े पहनने के साथ ही गले में सफेद रंग का गमछा डाल रखा है। जबकि पीछे बैठा युवक टीशर्ट पहने है। दोनों ही बाइक सवार युवक चप्पल पहने हुए हैं।
इस नंबर पर दें सूचना, गुप्त रहेगी पहचान
एएसपी डॉक्टर प्रवीण रंजन ने बताया कि दोनों आरोपियों से संबंधित कोई भी जानकारी मोबाइल नंबर 9454401119 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाली की पहचान गोपनीय रहेगी। जिसकी मदद से भी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी, उन्हें पुरस्कार की घोषित राशि प्रदान की जाएगी।