कार्यक्रम में पहुंचे पीएम मोदी के भाई व भतीजी।
सीतापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रहलाद दामोदर दास मोदी और उनकी भतीजी सोनल बेन मोदी का शुक्रवार को बिसवां कस्बे में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने योग से निरोग रहने के मंत्र बताए।
एक रिजॉर्ट में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान सोनल बेन मोदी ने कहा कि योग को अपनाकर हम जीवनपर्यंत निरोगी रह सकते हैं। उन्होंने बिसवां नगरवासियों को योग कायाकल्प ट्रस्ट योग ग्राम द्वारा प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के बारे में बताया।
बिसवां में प्रथम आगमन पर हुए स्वागत को अविस्मरणीय बताया। कार्यक्रम के आयोजक मोहित जायसवाल ने कहा कि यह हम सब बिसवां वासियों के लिए गौरव का पल है कि हमारे बीच देश के प्रधानमंत्री के परिवार के सदस्य यहां मौजूद हैं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद् आराध्य शुक्ल ने किया। इस अवसर पर जिला प्रचारक सुरेंद्र, प्रदीप जायसवाल आर्य, मनीष लाठ, अभिषेक अग्रवाल, वांछित शर्मा, डॉ. यथार्थ शुक्ला, अमित सिंघल आदि मौजूद रहे।