बिसवां (सीतापुर)। महानिरीक्षक, निबंधन तथा आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन नोडल अफसर मिनिस्ती एस ने बिसवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत अहमदाबाद के सचिवालय में शनिवार को चौपाल लगाकर विभिन्न विभागों की समीक्षा की। ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
योजनाओं का लाभ न दिए जाने की शिकायत पर अफसरों को सोमवार को शिविर लगाने के निर्देश दिए। नोडल अफसर मिनिस्ती एस ने ग्रामीणों को बताया कि कन्या भ्रूण हत्या को अपराध की श्रेणी लाकर ऐसा करने वाले डॉक्टरों का लाइसेंस निरस्त कर उन्हें जेल भेजने का प्रावधान किया गया है।
भ्रूण हत्या की वजह से एक हजार पुरुषों पर 893 महिलाएं रह गई हैं। उन्होंने शौचालय बनवाने के लिए पात्रों की सूची बनवाने के निर्देश दिए। स्वावलंबन और आर्थिक मजबूती के लिए महिला स्वयं सहायता समूह का बड़े स्तर पर गठन करने की बात कही।
पेंशन, शौचालय न बनने एवं शौचालय की अंतिम किस्त न मिलने की शिकायत पर उन्होंने सोमवार को समस्त विभागों के आला अधिकारियों को शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर संचालक को यहीं बुला कर फार्म ऑनलाइन कराएं।
सीडीओ संदीप कुमार ने ग्रामीणों से काम और मजदूरी के बारे में जानकारी ली और कहा कि जिन्हें काम व मजदूरी न मिली हो, वे शिकायत करें। जिला आपूर्ति अधिकारी संजय कुमार प्रसाद, सीएमओ आरके नैय्यर, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कपूर, बीएसए अजय कुमार ने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।
महिला समाख्या की जिला कार्यक्रम समन्वयक अनुपम लता ने कहा कि महिला हिंसा, कन्या भ्रूण हत्या को लेकर महिला समाख्या बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। इसके लिए नारी अदालत का गठन भी किया गया है। चौपाल में बीडीओ सोमनाथ चौरसिया, तहसीलदार राजकुमार गुप्ता, जेई एमआई शशिकांत यादव, जेई आरईएस मो. शोएब मौजूद रहे।