सीतापुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) जिले में रविवार 25 अक्तूबर, 30 अक्तूबर व एक नवंबर को होगी। परीक्षा के दौरान एक दिन में 5592 अभ्यर्थी शामिल होंगे। डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने इसके आयोजन को लेकर परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।
उन्होंने बताया कि जिले में यह परीक्षा 13 परीक्षा केंद्रों बिड़ला विद्या मंदिर, कृषक इंटर कॉलेज, महर्षि विद्या मंदिर, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, आरबीएसबी सिंह इंटर कॉलेज, आरएमपी इंटर कॉलेज, आरएमपी डिग्री कॉलेज, आरआरडी इंटर कॉलेज, सेक्रेड हार्ट इंटर कॉलेज, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, सुमित्रा इंटर कॉलेज व उजागर लाल इंटर कॉलेज में होगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए पूरी परीक्षा का संचालन सीसीटीवी की निगरानी में होगा।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को एक घंटा पहले आधारकार्ड से मिलान कर बॉयोमीट्रिक जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। परीक्षा में माध्यमिक शिक्षा विभाग व बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती भी रहेगी। डीआईओएस ने शनिवार को केंद्र व्यवस्थापकों के साथ ऑनलाइन मीटिंग करर परीक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इसमें प्रत्येक केंद्र व्यवस्थापकों को विशेष एहतियात बरतने के लिए निर्देशित किया गया है।