सीतापुर। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने शनिवार को जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। सामने आया कि अधिकतर महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल के बाहर से जांच कराने के लिए लिखा जा रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अल्ट्रासाउंड जांच चिकित्सालय में ही सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। कहा कि जो भी चिकित्सक मरीजों को बाहर से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लिख रही हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान वार्ड में मौजूद टूटे बेड व गंदी बेडशीट मिलने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताते हुए सीएमएस को फटकार भी लगाई।
आयोग की उपाध्यक्ष ने ओपीडी वार्ड, लेबर रूम, सर्जिकल वार्ड, जनरल वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष, एनआईसीयू आदि वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही इलाज से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी मरीजों से बातचीत कर परखा। मरीजों ने बताया कि चिकित्सक जनरल वार्ड में मरीजों को देखने के लिए नहीं आते हैं। लगातार शिकायत के बाद भी बेडशीट व तकिया कवर तक नहीं बदला जाता है।
वार्ड के बेड पर गंदी चादरों को देख उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए इसमें सुधार लाने की ताकीद की। वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि यहां साफ सफाई का विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए। ऐसी आशाएं जो धनराशि लेकर प्रसव कराती हैं। उनको भी चिन्हित करते हुए कार्रवाई के घेरे में लाया जाए। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. सुनीता कश्यप सहित अन्य चिकित्सक व अधिकारी मौजूद रहे।