केस 1: जिला अस्पताल से करवाएं जांच
शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खूबपुर में रविवार को आरोग्य मेले में करीब 25 मरीज इलाज कराने आए। मेले में मरीज तो पहुंचे, लेकिन उन्हें सुविधाएं नहीं मिल सकीं। मरीजों को हृदय, मलेरिया सहित कई अन्य जांचों के के लिए जिला अस्पताल जाने की सलाह दी गई।
केस 2 : केवल दवाएं दी गईं
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदर बाजार में 40 मरीजों ने दवाएं लीं। इन मरीजों ने बताया कि केवल यहां पर दवा ही मिल पाती है। जांच की कोई सुविधा नहीं है। इसके लिए बाहर जाना पड़ता है।
केस 3 : सीने में दर्द के मरीज भी पहुंचे
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गापुरवा में 45 मरीजों ने इलाज करवाया। इस केंद्र पर बुखार, सीने में दर्द, पेट में दिक्कत व खांसी के मरीज अधिक नजर आए। चिकित्सकों ने जांच करवाने की सलाह दी।
सीतापुर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीज तो पहुंच रहे हैं, लेकिन उनको मौके पर जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। मरीजों को जिला अस्पताल व सीएचसी से जांच करवाने की सलाह दी जा रही है। रविवार को मेले में 3400 मरीजों ने इलाज करवाया।
जनपद के 66 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में सुबह से ही मरीजों की भीड़ नजर आई। चिकित्सक समय से पहुंचकर मरीजों का इलाज करते रहे, लेकिन मेले में जांच सुविधा की कमी नजर आई। सीएमओ डॉ. हरपाल सिंह ने बताया मेले में दवाओं की कोई कमी नहीं है। प्राथमिक जांच की सुविधा है। दूसरी जांच के लिए मरीजों को सीएचसी रेफर किया जाता है।