सीतापुर। पंचायत मतदाता सूची को अनंतिम रूप देने के लिए कवायद तेज हो गई है। इसके तहत मतदाता सूची की कंप्यूटरीकृत पांडुलिपियां तैयार की जा रही हैं। इसके साथ ही मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों के वार्डों की भी मैपिंग की जाएगी। ताकि ग्राम पंचायत के वार्डवार मतदाताओं की संख्या का निर्धारण हो सके। मैपिंग का कार्य चार दिसंबर तक पूरा किया जाना है।
मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन पांच दिसंबर को होना है। सात अक्तूबर से मतदाता सूचियों की कंप्यूटरीकृत पांडुलिपि तैयार करने का काम शुरू हुआ था जो 24 नवंबर तक चलेगा। 25 नवंबर से लेकर 4 दिसंबर तक मतदान केंद्र और मतदेय स्थलों का क्रमांक, मतदाता क्रमांक, मतदेय स्थलों के वार्ड की मैपिंग, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग कर फोटो प्रतियां कराने आदि का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाश पांच दिसंबर को होगा।
प्रकाशित अनंतिम सूचियों का निरीक्षण आमजन द्वारा छह से 12 दिसंबर तक किया जा सकता है। इस दौरान सूचियों में किसी भी तरह की आपत्ति होने पर दावा और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती है। दर्ज आपत्तियों का निस्तारण 13 से 19 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद समय-सारिणी के अनुसार 14 जनवरी तक सूचियों को पूरी तरह अपडेट करने के बाद पंचायत चुनाव की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी को होगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीएल भार्गव ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण कार्य जारी है। मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग कराई जा रही है। भरोसा दिलाया कि मतदाता सूचियों को पूरी पारदर्शिता के साथ त्रुटि विहीन बनाने के बाद ही इनका अंतिम प्रकाशन होगा।