सीतापुर। जिले में कोरोना का संक्रमण फिर से बढ़ना शुरू हो गया है। गुरुवार को जिले में एक केस आया है। मरीज हो होम आइसोलेट कर दिया गया है। जिले में अब सक्रिय केसों की संख्या दो हो गई है।
कोरोना का संक्रमण जिले में धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक गुरुवार को लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में जिले में एक मरीज कोरोना से संक्रमित हुआ है। अब जिले में सक्रिय केसों की संख्या दो हो गई है। पिछले एक माह में 11 मरीज इलाज पाकर स्वस्थ हो गए है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह ने बताया कि इस समय जिले में दो सक्रिय केस होने से ये होम आइसोलेट है।
डॉ. पीके सिंह ने बताया कि चौथी लहर की आशंका जताई जा रही है। अभी इस लहर को लेकर जिले में असर नहीं दिख रहा है। सभी सीएचसी अधीक्षकों को अस्पताल में व्यवस्थाएं करने के निर्देश दे दिए गए है फिर भी सावधानी बहुत जरूरी है। जब भी घर से बाहर निकले तो मास्क जरूर लगाएं। दो गज की दूरी का पालन करें। अपना टीकाकरण अवश्य करवाएं। साथ ही अपने घर के बच्चों का भी टीकाकरण करवाने में सक्रियता दिखाएं।