जिला अस्पताल में दवा लेने के लिए लाइन में खड़े मरीज व तीमारदार। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। मौसम बदलते ही जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सर्दी जुखाम से लेकर डिहाईड्रेशन व सांस के मरीज अधिकतर अस्पताल में आ रहे हैं। दवा से लगाकर पर्चा काउंटर तक लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। ओपीडी में फिजीशियनों के पास मरीजों की काफी अधिक भीड़ नजर आई। जिला अस्पताल में फरवरी माह में जहां करीब डेढ़ हजार के करीब मरीज रोजाना आते थे। अब इनकी संख्या में वृद्धि हो गई है। इस समय करीब दो हजार मरीज ओपीडी में इलाज करवाने आ रहे है।
फिजीशियन जेएन सिंह ने बताया कि जैसे-जैसे मौसम बदल रहा है। वैसे ही सर्दी जुखाम के केस बढ़ रहे हैं। लोग रात में एसी चलाकर सो जाते हैं। सुबह होते ही कड़ी धूप में निकलते ही उनको सर्दी जुखाम हो जाता है। इसके अलावा लोग गर्मी से आकर तुरंत ठंडे पानी का सेवन कर लेते हैं। ऐसा करने से ज्यादातर सर्दी जुखाम जैसी समस्या हो जाती है।
बासी खाना या धूप लग जाने से गर्म हुआ खाना खा लेने से उल्टी दस्त जैसी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। रोज करीब सौ से अधिक मरीज इसी समस्या को लेकर अस्पताल आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोग बुखार को भी हल्का न समझे। इस समय चेचक की भी समस्या लोगों को सामने आ रही है। मौसम बदलने के कारण अब त्वचा के मरीजों की भी तादाद बढ़ने लगी है। चिकित्सकों का कहना है कुछ लोगों को धूप से एलर्जी होती है। अब धूप निकल रही है तो उनको समस्याएं बढ़ रही है। वहीं सांस के मरीजों की तादाद भी बढ़ती जा रही है।
दवाई के लिए हुई परेशानी
दवा लेने के लिए अलग काउंटर होने के बावजूद भी भीड़ ज्यादा होने के कारण लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। दवा लेने आए राहुल ने बताया कि उसको उल्टी की शिकायत है। काफी देर तक लाइन में खड़ा होने के कारण उसकी तबियत खराब हो गई। जिसके चलते उसके साथी ने दवा ली। इसी तरह कई लोग परेशान होने के बावजूद लाइन में लगकर अपनी दवाइयां ले रहे थे।
अल्ट्रासाउंड कराने के लिए करना पड़ा इंतजार
अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। दोपहर करीब 12 बजे तक डाक्टर नहीं आए थे। लोग काफी देर तक इंतजार करते रहे। करीब एक बजे अल्ट्रासाउंड का काम शुरू हुआ। दो बजे के बाद यह काम बंद कर दिया गया। इससे तमाम मरीज बिना जांच कराए ही वापस लौट गए। मरीजों ने बताया अगर समय से यहां पर चिकित्सक आ जाए तो काफी हद तक सुविधा मिलेगी।