सीतापुर। बिजली बिल राहत योजना में नेवर पेड (एक बार भी बिल न जमा करने वाले उपभोक्ता) को बड़ी राहत दी गई है। योजना के नियमों में छूट दे दी गई है। अगर अप्रैल से नवंबर माह 2025 के बीच एक बार भी बिल जमा न किया हो तो ऐसे उपभोक्ता भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसका लाभ जिले के करीब एक लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा।
योजना के तहत शर्त थी नेवर पेड उपभोक्ता जिन्होंने मार्च 2025 के बाद अगर थोड़ा सी धनराशि भी जमा की है तो उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इससे उपभोक्ता शिविर से वापस आ रहे थे। जिले में ऐसे तमाम मामले संज्ञान में आने पर अफसरों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद शर्तों में बदलाव किया गया है।
अब ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने एक अप्रैल से नवंबर के मध्य अगर बिल जमा किया है तो भी वह योजना का लाभ हासिल कर सकते हैं। इसके लिए 11 दिसंबर से पंजीकरण शुरू होंगे। जिले में इसका लाभ करीब एक लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा। अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण ने बताया कि नियमों में ढील से उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी।
जारी हुई रैंकिंग
बिजली बिल राहत योजना के तहत रैंकिंग जारी की गई है। इसके तहत यूपीपीसीएल में सिधौली विद्युत वितरण खंड 10वीं रैंक मिली है। महमूदाबाद को 22वीं, बिसवां को 38वीं व सीतापुर विद्युत वितरण मंडल ने 108 रैंक हासिल की है।