सीतापुर। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण का काम चल रहा है। इसके तहत जिले के सभी मतदाताओं को एसआईआर फॉर्म भरकर जमा करना जरूरी है। 11 दिसंबर तक सभी को यह काम पूरा कर लेना है। गणना प्रपत्र के सभी कालम सही ढंग से भरकर इस पर हस्ताक्षर कर बीएलओ को देना है। साथ ही एक गणना प्रपत्र स्वयं के पास रहेगा, इस पर बीएलओ के हस्ताक्षर होंगे। फार्म के साथ कोई भी दस्तावेज नहीं लगाना है।
जिले की 9 विधानसभा क्षेत्रों में अंकित 31,90,806 मतदाताओं के एसआईआर फॉर्म भरवाने और इसे जमा करने का काम चल रहा है। इस काम को पूरा करने के लिए निर्वाचन आयोग ने 11 दिसंबर की तिथि निर्धारित की है।
इसी ध्यान में रखते हुए जिन मतदाताओं ने अभी तक एसआईआर फॉर्म भरकर बीएलओ को नहीं दिया है। वह तत्काल इसे बीएलओ को उपलब्ध कराएं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी वीना बहुगुणा ने बताया कि रविवार को दोपहर तक 25,42,444 मतदाताओं के गणना फॉर्म का डिजिटाइजेशन हो गया है। 20.16 फीसदी मतदाताओं के विभिन्न कारणों से गणना फॉर्म प्राप्त नहीं हो सके हैं।