कमलापुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया हैै। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
कमलापुर इलाके में राधाकृष्ण मंदिर के पास गुरुवार देर रात हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार सिधौली इलाके के सतनापुर निवासी इंद्रपाल (28), कमलापुर के दरियापुर निवासी ज्ञानेंद्र (21), जयप्रकाश (45) और जीतामऊ गांव निवासी संदीप (28) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को आननफानन कसमंडा सीएचसी ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही इंद्रपाल की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है जबकि अन्य तीनों लोगों की हालत को नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।