सीतापुर। जिले में कोरोना का कहर बेकाबू हो चुका है। संक्रमण की दूसरी लहर से लोग दहशत में है। हालात दिन पर दिन और खतरनाक होते जा रहे हैं। संक्रमण की रफ्तार और तेज हो चुकी है। मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा है। गुरुवार को रामपुर कलां निवासी एक और कोरोना संक्रमित युवक की मौत हो गई है। सांसद समेत 258 और लोग पॉजिटिव हुए हैं।
कोरोना का सबसे बड़ा कहर गुरुवार को चीनी मिल हरगांव और पिसावां इलाके के एक गांव में देखने को मिला है, जहां पर एक साथ 40-40 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इससे यहां पर हड़कंप मचा हुआ है। संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद कोविड गाइडलाइन के तहत इलाज शुरू करा दिया गया है। अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 1953 पहुंच गई है।
रामपुर कलां इलाके के चंडौर निवासी अमित सिंह (42) को कई दिन पूर्व समस्या हुई थी। इसको लेकर उन्होंने कोरोना की जांच कराई थी। पॉजिटिव आने के बाद लखनऊ में एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां पर गुुरुवार को मौत हो गई। सीतापुर सांसद राजेश वर्मा भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
गुरुवार को कोरोना की आई रिपोर्ट में 257 नए मरीज पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. मधू गैरोला ने बताया कि कोरोना के 23 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं। एक मरीज महिला अस्पताल में, सात हिंद अस्पताल में और 1520 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। 30 मरीज लखनऊ में हैं। 346 मरीजों को भर्ती कराने की प्रक्रिया चल रही है।
चीनी मिल के 40 कर्मचारी पॉजिटिव
हरगांव चीनी मिल के 40 कर्मचारी और पिसावां इलाके के बरखेरवा गांव में 40 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन सभी की कोरोना की जांच 20 अप्रैल को आरटीपीसीआर से कराई गई थी। गुरुवार को रिपोर्ट में पिसावां की स्वास्थ्य विभाग की टीम के डॉक्टर, एलटी समेत तीन लोग पॉजिटिव मिले हैं। इतनी बड़ी संख्या में एक ही गांवों में लोगों के संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। चीनी मिल में संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का भी सैंपल लिया जाएगा।