एक पेट्रोल पंप पर रविवार रात सेल्समैन व चौकीदार की मौजूदगी में करीब दो लाख 16 हजार का पेट्रोल चोरी हो गया। घटना को लेकर पेट्रोल पंप मालिक ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
लहरपुर कोतवाली इलाके के सिंहघनापुर निवासी विनोद दीक्षित का तम्बौर मार्ग पर रंगवा में विनोद फीलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप है। विनोद के मुताबिक रविवार शाम वह पेट्रोल पंप चेक कर घर चले गए थे। रात को पेट्रोल पंप पर रंगवा निवासी सेल्समैन रनवीर सिंह व इसी गांव का चौकीदार रामू रुके थे।
सोमवार सुबह जब वे पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो टैंक का लॉक टूटा था और उसका ढक्कन खुला था। इस पर उसने चौकीदार व सेल्समैन से पूछताछ की। पूछताछ में पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि पेट्रोल पंप के टैंक का ढक्कन कैसे खुला, इस बारे में जानकारी नहीं है।
इसके बाद पेट्रोल पंप मालिक ने पेट्रोल चेक कराया तो भारी मात्रा में पेट्रोल गायब मिला। पेट्रोल पंप के टैंक से 32 सौ लीटर पेट्रोल कम मिला है। इसकी कीमत करीब दो लाख 16 हजार रुपये होगी। घटना के बाद पेट्रोल पंप मालिक ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल रघुवीर सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है।