सीतापुर। रेउसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने निरीक्षण किया। इस दौरान बेडशीट गंदी देखकर डीएम का पारा चढ़ गया। अन्य कमियां मिलने पर उन्होंने स्टॉफ नर्स का 15 दिनों का वेतन रोकने, प्रभारी चिकित्साधिकारी का स्पष्टीकरण तलब करने और दो अन्य को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम डॉ. राजा गणपति आर शनिवार को सीएचसी रेउसा पहुंचे। वहां जिलाधिकारी ने ओपीडी, लेबर रूम, एचआरपी रजिस्टर, गोल्डन चेन कक्ष, टीकाकरण काउंटर, एनबीएसयू वार्ड, केएमसी वार्ड व अन्य स्थानों को देखा। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी से चिकित्सक, फार्मासिस्ट, नर्स, सफाई कर्मी की जानकारी ली। साफ-सफाई न होने, बेडशीट गंदी मिलने व बेडशीट के दिन के हिसाब से बिछे न होने पर नाराजगी जताई।
गोल्डन चेन कक्ष पहुंचकर रजिस्टर देखा। डीएम ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को कर्मचारियों का ड्यूटी रजिस्टर बनाने का निर्देश दिया। वहीं, हाई प्रेग्नेंसी रजिस्टर (एचआरपी) रजिस्टर में कमी होने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी को फटकारा। फैमिली काउंसलर ज्ञान देवी से बातचीत की और रजिस्टर में कमी मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। स्टॉफ नर्स आकाशिता को चेतावनी पत्र और रजिस्टर में कमी होने पर स्टॉफ नर्स सीमा का 15 दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने रजिस्टर व अन्य कमियां मिलने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने एनबीएसयू वार्ड के रजिस्टर को देखा। उसमें अंकित एक मरीज से फोन मिलाकर बात की। जेएसवाई वार्ड के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों से संवाद कर उन्हें मिलने वाले भोजन की जानकारी ली।