सीतापुर के हरगांव में झरियां गांव में मौजूद राकेश टिकैत। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
हरगांव (सीतापुर)। किसान आंदोलन की अगुवाई कर रहे भाकियू नेता चौधरी राकेश टिकैत ने लखीमपुर की घटना को लेेकर साफ किया है कि केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी की गिरफ्तारी और इस्तीफा से कम कुछ स्वीकार नहीं होगा। जब तक घटना के सूत्रधार केंद्रीय मंत्री पर कार्रवाई नही होगी किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को बहुत ही कानून व्यवस्था के लिए बहुत खतरनाक आदमी बताया।
वह लखीमपुर में अंतिम अरदास कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौटते समय हरगांव इलाके के झरिया गांव स्थित बलवंत सिंह के झाले पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि घटना के बाद अधिकारियों से हुई बातचीत व प्रदेश सरकार से की गयी मांग में मंत्री का इस्तीफा व गिरफ्तारी भी शामिल थी।
आरोप लगाया कि गृह राज्यमंत्री के दबाव के चलते ही हत्या के आरोपी पुत्र का रेड कारपेट सरेंडर हुआ। किसान नेता राकेश टिकैत ने स्पष्ट कहा कि इस मामले पर किसी भी तरह की कोई सियासत बर्दाश्त नहीं होगी। निर्दोष किसानों के हत्यारों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई न होने तक लखीमपुरखीरी कांड को लेकर किसानों का आंदोलन जारी रहेगा।