सीतापुर। नोडल अधिकारी कुमार विनीत ने रामपुर मथुरा सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही मरीजों से हालचाल जाना। सभी मरीजों को मास्क लगाने या गमछा बांधने के लिए प्रेरित भी किया।
नोडल अधिकारी कुमार विनीत ने सीएचसी के निरीक्षण में अपनी भी थर्मल स्क्रीनिंग कराई। बाद में उन्होंने ओपीडी रजिस्टर, डॉक्टरों की उपस्थिति पंजिका, मरीजों के पंजीकरण का अवलोकन किया। डिलीवरी रूम, पैथोलॉजी, डिलवरी रजिस्टर, दवा वितरण तथा अस्पताल में बने शौचालय का भी जायजा लिया।
वार्ड में भर्ती मरीज नरेंद्र कुमार व डिलीवरी के लिए आई महिला से स्वास्थ्य सेवाओं का हालचाल लिया। मुआयने में नोडल अधिकारी ने पेयजल के लिए नल बढ़वाने का निर्देश दिया।
एक सवाल के जवाब में नोडल अधिकारी कुमार विनीत ने बताया कि प्रत्येक सीएचसी ये सुनिश्चित कर ले कि जिन मरीजों को सर्दी, बुखार आदि के लक्षण हैं, उनका तुरंत इलाज किया जाए। अनावश्यक भीड़ न इकट्ठा की जाए।
अस्पताल में मौजूद कमियों के बारे में बताया कि सफाई बेहतर करने की जरूरत है तथा अल्ट्रासाउंड और एक्सरे मशीन की आवश्यकता है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी महमूदाबाद गिरीश झा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील वर्मा, डॉ. दीपक भदौरिया, डॉ. अवधेश वर्मा, डॉ. लक्ष्मी नरायन वैश्य, अखिलेश्वर दीक्षित, आवेग शुक्ल आदि उपस्थित रहे।