सीतापुर। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा शनिवार को जनपद के 78 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 19 विकास खंडों के 9285 विद्यार्थी शामिल होंगे। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले में खैराबाद व एलिया विकासखंड में जवाहर नवोदय विद्यालय हैं। इन विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा शनिवार को आयोजित की जाएगी। 10 विकास खंडों की परीक्षा 52 केंद्रों पर आयोजित होगी जबकि नौ विकास खंडों की परीक्षा 26 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 11 से 1.30 बजे के मध्य कराई जाएगी। विद्यार्थियों को कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार परीक्षा देनी होगी। कक्ष के अंदर मोबाइल फोन सहित कोई अन्य इलेक्ट्रानिक डिवाइस ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रवेशपत्र के आधार पर ही अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी।
डीआईओएस देवी सहाय तिवारी ने बताया कि परीक्षा के लिए केंद्र तय कर दिए गए हैं। संबंधित कॉलेज के प्रधानाध्यापक ही केंद्र व्यवस्थापक होंगे। विद्यालय के शिक्षक प्रवेश परीक्षा कराने में मदद करेंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अफसर भी निरीक्षण करके व्यवस्था की हकीकत परखेंगे।