सीतापुर। जिले में तीन दिन से हो रही बारिश कच्चे मकानों में रहने वालों के लिए काल साबित हो रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण कमलापुर व रामकोट थाना क्षेत्रों में दीवारें ढहने से दो महिलाओं की मौत हो गई।
कमलापुर क्षेत्र के ज्योतिशाह आलमपुर गांव निवासी मायाराम के घर की कच्ची दीवार लगातार बारिश के कारण बृहस्पतिवार सुबह भरभराकर ढह गई। दीवार के मलबे में उनकी पत्नी ब्रजरानी (52) दब गईं। परिजनों व ग्रामीणों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, रामकोट क्षेत्र के मथुरा नगर निवासी माधुरी देवी (55) बुधवार देर रात घर के पास लगे नल पर पानी भर रही थीं। उसी दौरान घर की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
मलबा हटाकर बुरी तरह जख्मी माधुरी को बाहर निकालते हुए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। राजस्व कर्मियों ने घटनास्थलों की जांच कर मृतकों के परिजनों को दैवी आपदा के तहत आर्थिक सहायता दिलाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।