पंडाल पर चढ़े युवा, पुलिस से अभद्रता
जोश में होश खोए दर्जनों युवा कार्यकर्ता जान जोखिम में डालकर पंडाल के ऊंचे लोहे के ढांचे पर चढ़ गए। मंच संचालक और मौके पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार लाउडस्पीकर से नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन समर्थकों ने एक न सुनी। अफरातफरी के माहौल के कारण वहां मौजूद मीडियाकर्मियों और पुलिस कर्मचारियों को खुद को बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। बाद में चंद्रशेखर आजाद ने स्वयं कमान संभाली और काफी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया।
मिश्रिख सीओ विशाल गुप्ता ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पार्टी पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि मंच से व्यवस्था बनाए रखने का एनाउंसमेंट कराया जाए और बैरिकेडिंग मजबूत रखी जाए। आरोप है कि आजाद समाज पार्टी के आयोजकों ने सीओ की हिदायत पर ध्यान नहीं दिया, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई। पुलिसबल की मुस्तैदी और समझदारी से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया।